Spread the love

मुकुट यादव
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) थाना कैलादेवी क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मिट्टी से भरे डंपर का अचानक बैटरा फटने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान बैटरे से निकला तेजाब चालक की आंखों में चला गया, जिससे उसे देखने में परेशानी होने लगी। मौके पर मौजूद स्टाफ ने निजी वाहन से घायल चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार जनपद मैनपुरी के थाना करहल क्षेत्र के निवासी अलकेश (32 वर्ष) पुत्र अर्दल डंपर चालक हैं। वह सम्भल जनपद के थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव शकरपुर से डंपर में मिट्टी भरकर गंगा एक्सप्रेसवे पर ले जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही वह मिट्टी से भरा डंपर लेकर एक्सप्रेसवे पर पहुंचे, तभी अचानक डंपर का बैटरा तेज धमाके के साथ फट गया।

बैटरा फटने से निकला तेजाब चालक की आंखों में जा गिरा, जिससे वह घायल हो गया और उसकी आंखों में तेज जलन होने के साथ देखने में भी परेशानी होने लगी। अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद लोगों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद स्टाफ ने बिना देर किए घायल चालक को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया।जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने चालक को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि तेजाब आंखों में जाने के कारण उसकी दृष्टि प्रभावित हुई है। चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *