रोनिक गोयल
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) फॉरेंसिक टीम ने रात में मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य, मृतका के पुत्र और चाय विक्रेता से की पूछताछ नहटौर मोहल्ला सराय जोखा सिंह में मंगलवार को मकान का बैनामा करने आई एक महिला की चाय पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसके साथ आए भाई और भाई के ससुर की हालत गंभीर हो गई।दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के लोनी देहात क्षेत्र स्थित चांद मुस्तफाबाद निवासी जायदा (54) पत्नी साबिर का नहटौर के मोहल्ला सराय जोखा सिंह में एक मकान है। बताया जाता है कि उन्होंने करीब तीन वर्ष पूर्व यह मकान बनवाया था। जायदा के पति साबिर और एक पुत्र की कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उनका दूसरा विवाहित पुत्र नासिर नहटौर स्थित मकान में ही रहता है। मंगलवार सुबह जायदा अपने भाई आबिद और भाई के ससुर अशरफ के साथ मकान का बैनामा करने नहटौर आई थीं।

उन्होंने मोहल्ले के ही आसिफ हुसैन को मकान बेचने का सौदा किया था। बताया गया कि बैनामे की प्रक्रिया पूरी करने से पहले तीनों मकान पर पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने चाय पी। चाय पीने के कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जायदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं आबिद और अशरफ की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।चिकित्सकों ने जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है। हालांकि, तीनों की तबीयत बिगड़ने और महिला की मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। रात में पहुंची फॉरेंसिक टीम, जुटाए साक्ष्य घटना की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार रात फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। टीम ने मकान और आसपास के स्थानों का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के पुत्र नासिर और चाय विक्रेता से भी पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चाय कहां से आई थी और उसे पीने के बाद तीनों की तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी। साथ ही बैनामे से जुड़े घटनाक्रम और उस दौरान मौजूद लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
