आशु तोमर
बिजनौर(परिपाटी न्यूज़) नजीबाबाद । थाना नजीबाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आपसी कहासुनी को लेकर दो पक्षों में हुई हिंसक मारपीट में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पीड़ित परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में नामजद तहरीर दी गई है।
प्राप्त समाचार के अनुसार, थाना क्षेत्र के मोहल्ला मोटा आम निवासी आलम (18 वर्ष) पुत्र शहिद अहमद और मोहल्ला संतों मालान निवासी रिहान (22 वर्ष) पुत्र शहजाद का ग्राम कलहेड़ी निवासी कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच की कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई।

दबंगों ने आलम और रिहान पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के घरों में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
