Spread the love

रक्षक राजपूत

बिजनौर(परिपाटी न्यूज़)।प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल, बिजनौर की छात्रा गिन्नी सिंह ने सीबीएसई राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया है। भाला फेंक स्पर्धा में 40.63 मीटर की दूरी हासिल कर गिन्नी ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पंजाब के पटियाला स्थित सुशीला देवी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गिन्नी सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। स्वर्ण पदक जीतकर लौटीं गिन्नी सिंह का विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की डायरेक्टर-प्रिंसिपल डॉ. सीमा विश्वास ने गिन्नी सिंह को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गिन्नी की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित करेगी। डॉ. सीमा विश्वास ने गिन्नी को भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगी। गिन्नी सिंह की यह उपलब्धि न केवल मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल, बल्कि पूरे जनपद बिजनौर के लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *