Spread the love

रोनिक गोयल

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) नहटौर। विजयदशमी के अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से नगर में पथ संचलन निकाला गया। स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकजुटता का संदेश दिया। नगर में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया। बलराम कुंवर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण तथा प्रभु श्रीराम और मां दुर्गा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने पथ संचलन शुरू किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह मुकेश कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि संघ ने देश और समाज के लिए विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दिया है।

प्रत्येक व्यक्ति का देश और समाज के प्रति दायित्व है, जिसका निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रतिदिन शाखा में पहुंचना चाहिए। शाखा के माध्यम से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ ही अनुशासन एवं सामाजिक समरसता की भावना भी मजबूत होती है। पथ संचलन कॉलेज परिसर से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरा और वापस कॉलेज परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मूलचंद त्यागी, अभिनय जैन, चंद्रसेन सैनी, सचिन त्यागी, वेदांक गुप्ता, मा. वीर सिंह, प्रमोद त्यागी, एडवोकेट अर्पित गुप्ता, ऋषभ जैन, अशोक अग्रवाल, वीर सिंह, विजयपाल और नितिन अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *