रक्षक राजपूत
बिजनौर(परिपाटी न्यूज़)मंडावर। मंडावर क्षेत्र के निवासी एवं परिपाटी न्यूज़ मीडिया ग्रुप के पत्रकार रक्षक राजपूत द्वारा 18 अप्रैल 2026 को सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत मंडावर नगर पंचायत की डंप साइट को लेकर जानकारी मांगी गई थी। आरटीआई के जवाब में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी ने बताया था कि नगर पंचायत की डंप साइट मंडावर-चंदक मार्ग पर हरिहर पुलिस चौकी के सामने वाले रास्ते पर स्थित है। जवाब में मंडावर-बालावाली मार्ग पर डंप साइट होने से इनकार किया गया था। इसके बावजूद मंडावर-बालावाली राज्यमार्ग पर नगर पंचायत के कूड़ा वाहनों से खुलेआम कूड़ा उड़ेला जा रहा है। सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेर से उठती दुर्गंध और वहां घूमते आवारा कुत्तों के कारण राहगीरों व स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कूड़े के ढेर में समय-समय पर आग भी लगा दी जाती है।

कूड़े से उठने वाला धुआं इतना घना हो जाता है कि सड़क पर कुछ दूरी तक दिखाई देना तक मुश्किल हो जाता है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। वहीं प्रदूषण और दुर्गंध से आसपास के लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर नगर पंचायत में लगातार फोन कर शिकायत करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा फोन उठाने की जहमत तक नहीं की जाती। अब सवाल यह है कि जब आरटीआई के जवाब में नगर पंचायत ने डंप साइट मंडावर-चंदक मार्ग पर बताई थी और मंडावर-बालावाली मार्ग पर डंप साइट होने से इनकार किया था, तो आखिर राज्यमार्ग के किनारे कूड़ा कौन और किसके निर्देश पर डलवा रहा है? स्थानीय लोगों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से जांच कर कूड़ा डलवाने पर रोक लगाने और सड़क किनारे पड़े कूड़े को तत्काल हटवाने की मांग की है।
