Spread the love

प्रिंस शर्मा

मुरादाबाद(परिपाटी न्यूज़) कांठ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इबादुर्रहमान पुत्र बासीउद्दीन मुर्गा मार्केट कांठ निवासी को गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे ₹25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2022 से फरार चल रहा था। मुरादाबाद पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैरहाजिरी के चलते स्थायी वारंट जारी किया गया था।
मामला 3 मई 2022 का है। हरिद्वार, उत्तराखंड निवासी एक महिला ने आरोप लगाया था कि अभियुक्तों ने उसकी लगभग 10 वर्षीय पुत्री के साथ कथित रूप से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने तथा शोर मचाने पर पीड़िता और उसके परिजनों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए थे। इस मामले में थाना कांठ में इबादुर्रहमान सहित कई आरोपियों के नाम दर्ज किए गए थे। न्यायालय से जारी था स्थायी वारंट पुलिस के मुताबिक आरोपी इबादुर्रहमान पुत्र वासीरुद्दीन, निवासी मुर्गा मार्केट, कस्बा व थाना कांठ, जनपद मुरादाबाद, वर्ष 2022 से लगातार वांछित चल रहा था। न्यायालय में पेश न होने के कारण उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।

आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद की ओर से ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में कांठ थाना प्रभारी सुदेश पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम में कांठ थाना निरीक्षक सुदेश पाल सिंह उपनिरीक्षक विष्णु कुमार थाना कांठ उप निरीक्षक पनीष कुमार थाना कांठ उप निरीक्षक राहुल राघव उप निरीक्षक संजीव कुमार और इंद्रपाल सिंह ने 20 अक्टूबर 2026 को मुंबई, महाराष्ट्र के थाना कुर्ला क्षेत्र से आरोपी इबादुर्रहमान को गिरफ्तार किया।आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को कांठ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *