Spread the love

‎मुकुट यादव
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) नखासा थाना की हिसामपुर चौकी क्षेत्र के गांव बहरामपुर की मढैया के जंगल में मंगलवार सुबह गोवंशीय पशु का शव मिलने से ग्रामीणों में चिंता फैल गई। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास मिले पगचिह्नों का निरीक्षण किया। जंगली जानवर की पहचान के लिए जंगल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। मामला सम्भल विकास खंड के गांव भदरौला के जंगल का है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे गांव निवासी मनोज के खेत में गोवंशीय पशु का शव पड़ा मिला। पशुओं के लिए चारा लेने पहुंचे भदरौला निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र शीलचंद ने शव देखकर अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। मृत पशु करीब दो वर्ष का बछड़ा बताया जा रहा है। गौरक्षा दल के कार्यकर्ता गौरव और ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद डिप्टी रेंजर उस्मान अली टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पगचिह्नों की जांच की।ग्रामीण दाताराम और उमेश ने बताया कि एक दिन पहले भी गांव भदरौला के जंगल में जंगली जानवर दिखाई दिया था। इससे खेतों में काम करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है।दो-तीन दिन पुराने हैं पगचिह्न।डिप्टी रेंजर उस्मान अली ने बताया कि मौके पर मिले पगचिह्न दो से तीन दिन पुराने हैं। मंगलवार शाम जंगल में सीसीटीवी कैमरे लगाकर जंगली जानवर की गतिविधियों पर नजर रखने की योजना है। फिलहाल पशु की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है और तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि भी नहीं हुई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले जंगल में नहीं जाने और जरूरत पड़ने पर समूह में जाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *