मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) जुनावई थाना क्षेत्र के दबथरा में सोमवार को नवनिर्मित पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने फीता काटकर चौकी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने चौकी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों को पेड़-पौधों की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। नई पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सेवाएं मिलने में सुविधा होगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस चौकी की स्थापना से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर पुलिस की उपलब्धता बढ़ने से आमजन की समस्याओं का समाधान करने में भी सहूलियत होगी।

इसके साथ ही पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और सक्रियता को मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर धार्मिक आयोजन भी किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कन्याओं को प्रसाद वितरित किया और कन्या भोज कराया। इस दौरान उन्होंने पर्व की परंपराओं के अनुरूप कन्याओं का सम्मान किया।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी गुन्नौर अंकित मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नई चौकी को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। चौकी शुरू होने से दबथरा और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को पुलिस से संपर्क करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
