अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को चांदपुर नगर में पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान थाना चांदपुर पुलिस और महिला शक्ति की टीम भी मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने नगर के प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।पैदल मार्च के दौरान पुलिस टीम ने व्यापार मंडल के विभिन्न सदस्यों, सलाहकार मंडल और स्थानीय व्यापारियों से बातचीत की। इसके साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से एरिया डोमिनेशन एक्सरसाइज भी की गई। पुलिस की सक्रियता देखकर लोगों में सुरक्षा का भरोसा नजर आया। नगर के नेहरू चौक पर व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई का फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पुलिस-जनता के बीच मजबूत होगा संवाद पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने कहा कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर फुट पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान लोगों का हालचाल जानने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना जरूरी है। कम्युनिटी पुलिसिंग के मूल उद्देश्य को मजबूत करते हुए आमजन का पुलिस पर विश्वास बढ़ाना प्राथमिकता है।चौकी से एसपी कार्यालय तक शिकायत निस्तारण की व्यवस्था पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए सबसे पहले संबंधित पुलिस चौकी पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। वहां संतुष्टि न मिलने पर थाने, फिर क्षेत्राधिकारी (सीओ) और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रखें। उन्होंने कहा कि चांदपुर क्षेत्र की अधिकांश समस्याओं का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही होना चाहिए। पुलिस आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस के इस पैदल मार्च का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ व्यापारियों और नागरिकों में विश्वास बढ़ाना तथा असामाजिक तत्वों को कानून व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने का संदेश देना रहा।
