शिव कुमार
संभल (परिपाटी न्यूज़) असमोली। थाना असमोली क्षेत्र के बिलालपुर जंगल में शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, गश्त कर रही टीम ने दो बाइकों पर सवार संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने के दौरान एक बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान बाहिद उर्फ भोलू निवासी भोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।वहीं, उसके साथ मौजूद तीन अन्य आरोपी जंगल और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी असमोली समेत पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फरार आरोपियों की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्र में

पुलिस ने काफी अभियान चलाया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।पुलिस के अनुसार, घायल बाहिद उर्फ भोलू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बदायूं जिले में कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इसके अलावा असमोली थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना

में भी उसकी सम्मिलित की जानकारी पुलिस द्वारा दी गई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ ही फरार तीनों साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मौके से बरामदगी तथा फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
