भॊजपाल सिंह
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) बहजोई)।जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण,एचपीवी टीकाकरण,आभा आईडी,जननी सुरक्षा योजना तथा ई-संजीवनी ओपीडी सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। समीक्षा के दौरान जनपद में प्रस्तावित 34 नए उपकेंद्र भवनों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता का मुद्दा सामने आया। जिला पंचायत की ओर से बताया गया कि 10 उपकेंद्रों के लिए अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उपकेंद्रों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए डीएम ने सीएचसी रजपुरा की प्रगति पर जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड

निर्माण अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।बैठक में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किशोरियों तक टीकाकरण पहुंचाने के निर्देश दिए। आभा आईडी निर्माण और स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन पर भी जोर दिया गया।ई-संजीवनी ओपीडी की ब्लॉकवार समीक्षा के दौरान प्रत्येक ब्लॉक को प्रतिदिन न्यूनतम 10 ऑनलाइन परामर्श का लक्ष्य दिया गया। इसके अलावा एनक्यूएएस,एचआईवी टेस्टिंग,रेड रिबन क्लब और अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक 15 दिन में ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित करे और उसकी रिपोर्ट अगली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रस्तुत की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट,सीएमओ डॉ.तरुण पाठक सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।