Spread the love

देवेश्वर धीमान


बिजनौर (परिपाटी न्यूज) बिजनौर जनपद के गंज क्षेत्र में गंगा की अविरल धारा को पुनः बहाल कराने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारिक संगठनों ने एकजुट होकर आवाज उठाई। गंगा घाट सुधार समिति और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन (पंजीकृत इकाई दारानगर गंज) ने संयुक्त रूप से पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर विदुर कुटी और गंज के पौराणिक घाटों तक गंगा की धारा दोबारा लाने की मांग रखी। इस दौरान बताया गया कि गंगा की धारा को पुराने घाटों तक लाने की योजना लंबे समय से लंबित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह महत्वपूर्ण योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम पत्र सौंपकर मांग की गई कि इस योजना को शीघ्र लागू कराया जाए ताकि क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व को पुनर्जीवित किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम गंज के मुख्य अड्डे पर राजा भारतेंद्र सिंह का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद गंज, जहानाबाद और निजामतपुरा में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। इन सभाओं में व्यापारियों और किसानों ने अपने-अपने मुद्दे सामने रखे।

किसानों ने विशेष रूप से कृषि से जुड़ी समस्याओं को रखा, जिस पर समाधान का आश्वासन दिया गया। बताया गया कि किसानों और व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर गंगा सुधार समिति से कौशल अग्रवाल, संचित अग्रवाल और व्यापार संगठन से नगर अध्यक्ष नीरज विश्नोई, व्यापार संगठन से नगर अध्यक्ष(युवा) देवेश्वर धीमान, घसीटा सिंह, अमीर सिंह, सोमदत्त शर्मा समेत बड़ी संख्या में जागरूक ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में गंगा की धारा बहाल करने की मांग को लेकर लोगों में काफी उत्साह और एकजुटता दिखाई दी।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *