Spread the love

एसपी तंवर

बिजनौर (परिपाटी न्यूज), किरतपुर। श्री रघुनाथा स्पोर्ट्स ट्रस्ट के तत्वावधान में किरतपुर क्रिकेट ग्राउंड पर एक रोमांचक अभ्यास मैच का आयोजन किया गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए किरतपुर टीम ने निर्धारित 40 ओवर में 174 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से विकास कुमार ने सर्वाधिक 62 रन की पारी खेली, जबकि प्रियांशु सिंह ने 26 और अहमद ने 20 रन बनाए। गेंदबाजी में मोहम्मद शाहनूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। देव चौधरी को 2 विकेट मिले, जबकि हार्दिक भारद्वाज और निशांत सिंह को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी डी पी एस क्रिकेट अकादमी, बिजनौर की टीम ने 35 ओवर में 4 विकेट खोकर 175

रन बनाते हुए मैच 4 विकेट से अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज वंश अग्रवाल ने 25 रन बनाए, जबकि अंडर-14 राज्य खिलाड़ी आरिज सिद्दीकी ने 56 रन की शानदार पारी खेली। तन्मय राठी ने भी बेहतरीन अर्धशतक लगाते हुए 53 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। किरतपुर टीम की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद ज़ैनुल खान ने 2 विकेट लिए, जबकि प्रियांशु, वाणी और दीप को एक-एक सफलता मिली। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहम्मद शाहनूर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा आयोजित विश्व कप प्रतियोगिता में भी रोमांच चरम पर है। दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को हराकर अपनी स्थिति मजबूत की, वहीं भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने जिंबाब्वे की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को पराजित कर शानदार वापसी की है। अब इस ग्रुप में दूसरे स्थान के लिए 1 मार्च को भारत और वेस्टइंडीज के बीच निर्णायक मुकाबला होगा। इस मुकाबले में जो टीम हारेगी वह प्रतियोगिता से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम अंतिम चार अर्थात सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी। पूरा देश इस महत्वपूर्ण मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
विश्व कप जैसे बड़े मंच हमें यह सिखाते हैं कि सपने देखने की कोई उम्र नहीं होती। छोटे शहरों और छोटे मैदानों से ही बड़े खिलाड़ी निकलते हैं। बच्चों को चाहिए कि वे मोबाइल और समय की बर्बादी से दूर रहकर खेल, पढ़ाई और अनुशासन पर ध्यान दें। रोज़ाना अभ्यास, फिटनेस और सकारात्मक सोच उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देती है। हार से घबराने की बजाय उससे सीख लेकर और मजबूत बनना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। आज के यही बच्चे कल देश की जर्सी पहनकर विश्व मंच पर तिरंगा लहरा सकते हैं |

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *