अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी चांदपुर द्वारा थाना चांदपुर क्षेत्र में पैदल गश्त की गई। इस दौरान उन्होंने होली जुलूस के प्रस्तावित रूट का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पैदल मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को अलर्ट मोड में रहकर ड्यूटी करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने पर जोर दिया गया। इसी क्रम में शराब की दुकानों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों को निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई और अवैध गतिविधि पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की बात कही गई।
क्षेत्राधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे होली पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं कानून व्यवस्था के अनुरूप मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या अव्यवस्था की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।