देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बक्शीवाला में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार को अचानक विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय फैक्ट्री में काम कर रहीं महिला मजदूरों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को फैक्ट्री में 10 से 12 महिला मजदूर काम कर रही थीं। इसी दौरान पटाखा बनाने में इस्तेमाल की जा रही टिल्ली के रगड़ से अचानक फैक्ट्री के अंदर विस्फोट हुआ और आग भड़क उठी। विस्फोट के साथ ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए और

बड़ी संख्या में मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर सर्विस प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि टिल्ली के रगड़ से आग लगने की आशंका है। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग दो घंटे में आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि सभी महिला मजदूर समय रहते फैक्ट्री से बाहर निकलने में सफल रहीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों और परिजनों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने और विस्फोट के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री के पास वैध लाइसेंस था या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।