Spread the love

अजमल अंसारी

बिजनौर(परी पाटी न्यूज़) चांदपुर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उनकी मासूम पुत्री की मौत हो गई, जबकि परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बाइक सवार परिवार दवाई लेकर चांदपुर से अपने गांव लौट रहा था। जानकारी के अनुसार हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव पुड्डा निवासी हारून अपनी मां अनीसा और करीब तीन वर्षीय पुत्री के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव तिगरी के पास पहुंचे, सामने से आ रही लकड़ियों से भरी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली एक

बिजली के पोल से भी जा टकराई। हादसे में हारून और उनकी मासूम पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हारून की मां अनीसा गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पहले सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *