-सतवेन्दर सिंह गुजराल
बिजनौर (परिपाटी न्यूज) राजा का ताजपुर में भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में सोमवार की रात को अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। गश्ती पुलिस की सतर्कता और हूटर की आवाज ने चोर भाग गये।
शाखा प्रबंधक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात चोरों ने बैंक के पिछले हिस्से की दीवार में नकब लगाकर परिसर के भीतर प्रवेश किया। जहां उन्होंने बैंक के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों और सायरन के तारों को काट दिया। बैंक प्रबंधक ने बताया कि चोर चोरी की घटना को अंजाम देने ही वाले थे कि तभी गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी का हूटर बज उठा जिसकी आवाज सुनते ही वे भाग निकले।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी चांदपुर देश दीपक सिंह, थानाध्यक्ष विकास कुमार और चौकी प्रभारी राजवीर सिंह के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। सीओ देश दीपक सिंह ने कहा कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दौरान बैंक प्रबंधक शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित बैंक का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।