मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) रजपुरा। पंचायत चुनाव की अधिसूचना भले ही अभी जारी नहीं हुई हो,लेकिन रजपुरा क्षेत्र में सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंचती नजर आ रही है। संभावित प्रत्याशियों ने अभी से ही चुनावी मोर्चा संभाल लिया है और मतदाताओं तक पहुंचने की होड़ मची हुई है। इसी कड़ी में मंगलवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति यादव ने रजपुरा क्षेत्र के गांव रजावली सहित आसपास के कई गांवों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया।जनसंपर्क के दौरान प्रीति यादव लाव-लश्कर के साथ गांव-गांव पहुंचीं और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और पंचायत स्तर पर विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। प्रीति यादव ने कहा कि ईमानदार,मजबूत और जनसेवा के प्रति समर्पित नेतृत्व से ही गांवों का

वास्तविक विकास संभव है।ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान गांवों में पंचायत चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा और माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।जनसंपर्क अभियान में अजयवीर सिंह यादव,एडवोकेट मंजूलता समेत बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। समर्थकों की नारेबाजी से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे-जैसे पंचायत चुनाव नजदीक आएंगे,वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियां और तेज होंगी। फिलहाल रजपुरा क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है और आने वाले दिनों में सियासी मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।