एसपी तंवर
बिजनौर (परिपाटी न्यूज), नजीबाबाद।नूतन नव वर्ष के पावन अवसर पर नगर के मौहल्ला मकबरा स्थित गीता भवन मंदिर में महाकाल भक्त मंडल के तत्वावधान में भगवान आशुतोष का भव्य रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए भगवान शिव की आराधना की तथा देश-प्रदेश एवं सम्पूर्ण विश्व के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की मंगल कामनाएं कीं।कार्यक्रम के दौरान पंडित भोला शंकर शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भगवान शिव का

रुद्राभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने भाव-विभोर होकर सहभागिता की। आरती उपरांत सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।इस अवसर पर महाकाल भक्त मंडल परिवार की ओर से उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को नूतन नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। आयोजन में सौरभ कुमार, अभिनव अग्रवाल एडवोकेट, देवेंद्र प्रजापति, प्रदीप कुमार, सागर प्रजापति, आकाश भटनागर, शानू, लक्ष्मण, हर्ष शर्मा, अमित चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।