रिपोर्ट- अमित सैनी /रायवाला
ऋषिकेश परिपाटी न्यूज। सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के आदेशों के क्रम में परिवहन विभाग उत्तराखंड सरकार के निर्देशन में 15-01-24 से 14-02-24 तक चलने वाले सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जन जागरूकता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत परिवहन विभाग ऋषिकेश द्वारा आज दिनांक 12.02.2024 को चालकों/परिचालकों व आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से एम्स ऋषिकेश,आईएसबीटी

ऋषिकेश व सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय ऋषिकेश में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।एम्स ऋषिकेश के नर्सिंग स्टाफ ने “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” संदेश नामक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने नाटक के माध्यम से बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल पीड़ित

व्यक्तियों की मदद किस प्रकार से करनी चाहिए व मदद करते समय किन-किन सावधानियां को बरतना चाहिए ताकि दुर्घटना पीड़ित को और अधिक नुकसान न हो। दुर्घटना होने पर कैसे उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाए, एम्बुलेंस वाहन में कैसे उन्हें स्ट्रेचर पर लिटाया जाए, रक्त को बहने से कैसे रोका जाए आदि के साथ ही उन्होंने सीपीआर किस तरीके से देना है उसके बारे में भी नाटक के माध्यम से बताया।नाटक में बताया गया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं हेलमेट ना पहने, सीट बेल्ट

का प्रयोग न करने, ट्रिपल राइडिंग करने, वाहन चलाते समय शराब का सेवन करने, खतरनाक तरीके से वाहन का संचालन करने, स्टंट करने, नाबालिक बच्चों से वाहन का संचालन कराने, वाहन चलाते समय लाल बत्ती का उल्लंघन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन ना करने आदि के कारण होते हैं। नाटक के माध्यम से बताया गया कि हम यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं से स्वयं व लोगों को जागरुक कर उनका भी भला कर सकते है। उक्त नाटक के मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद अधिकारियों कर्मचारियों और आम जनमानस ने काफी प्रशंसा की और उक्त प्रकार के प्रोग्राम समय-समय पर भिन्न-भिन्न स्थानों पर किए जाने का आग्रह किया। उक्त नुक्कड़ नाटक में शशिकांत, नर्सिंग ऑफिसर व उनकी टीम द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई, जिन्हें परिवहन विभाग ऋषिकेश की ओर से प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार आदि वितरित किए गए। उक्त कार्यक्रम में परिवहन विभाग ऋषिकेश से एआरटीओ प्रशासन अरविंद पाण्डेय, एआरटीओ प्रवर्तन मोहित कोठारी, अनिल कुमार परिवहन कर अधिकारी ऋषिकेश, वरिष्ठ सहायक दीपक पांडेय एवं सभी प्रवर्तन अधिकारी कर्मचारी, परिवहन निगम के पदाधिकारी/कर्मचारीगण व एम्स ऋषिकेश स्टाफ आदि द्वारा प्रतिभाग किया गया।