Spread the love

संवाददाता -अखिलेश तोमर

अमरिया पीलीभीत (पीपीएन) नौ साल की निखत की हत्या उसके पिता ने ही गला दबाकर की थी। कई बार कहने के बाद भी घर का काम न करने पर पिता ने गुस्से में पहले पिटाई की फिर गले में पड़ा दुपट्टा कस दिया था। इससे बच्ची की जान चली गई थी। कार्रवाई से बचने के लिए उसने नाले में बेटी का शव फेंक दिया था। एक साल बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी पिता को जेल भेज दिया है।
घटना 15 फरवरी 2020 को हुई थी। देवरनियां (बरेली) के गांव गरगईया बकैनिया निवासी हुजूर अहमद अंसारी अमरिया थाना क्षेत्र के धुंधरी गांव स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। पत्नी शबनम, नौ साल की बेटी निखत के साथ भट्ठे से कुछ दूरी पर ही छप्पर डालकर रहता था। 15 फरवरी को निखत का शव भट्ठे से पांच सौ मीटर दूर नाले में पड़ा मिला था। दुपट्टा गले में कसा हुआ

था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। अमरिया थाने में पिता की ओर से अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। शुरूआती जांच में ही पुलिस का शक परिवार पर गहरा गया था, मगर साक्ष्य नहीं मिल पा रहे थे। कई बार पुलिस ने पिता से पूछताछ भी की थी। खुद पर शिकंजा कसता देख पिता ने अधिकारियों से शिकायत की और फिर विवेचना बरेली स्थानांतरित करा ली थी। बरेली क्राइम ब्रांच के निरीक्षक राजेश कुमार विवेचना कर रहे थे। एक साल बाद अब पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। विवेचक ने आरोपी की गिरफ्तारी की और मंगलवार को अमरिया थाने लाए। फिर यहां से पिता को जेल भेज दिया गया। एसओ अमरिया उदयवीर सिंह ने बताया कि आरोपी पिता ने पूछताछ में बताया कि निखत उसके कई बार कहने के बाद भी घर का काम नहीं करती थी। इस पर उसने गुस्से में उसकी पिटाई की। इसी दौरान गले में पड़ा दुपट्टा खींच दिया था और बेटी की मौत हो गई थी। खुद को कार्रवाई से बचाने के लिए उसने शव नाले में फेंक दिया था। आरोपी पिता को जेल भेज दिया है।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद