नमन कौशिक
बिजनौर (परिपाटी न्यूज), नूरपुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिशा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशंस, धामपुर द्वारा एक भव्य एवं अनुशासित गणतंत्र दिवस रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा संविधान के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान की अध्यक्ष, महासचिव मुकेश कुमार अग्रवाल एवं संयुक्त सचिव अनिरुद्ध अग्रवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर रजिस्ट्रार राजीव कुमार, प्राचार्य डॉ. दुश्यंत जैन, अकादमिक इंचार्ज अमित बिश्नोई, प्राचार्य (फार्मेसी) डॉ. बी. के. भारती उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यक्रम समन्वयक बृजनेश सिसोदिया एवं डॉ. समीर अहमद का विशेष योगदान रहा। गणतंत्र दिवस रैली में लगभग 350 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की, जबकि करीब 70 स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। रैली का मार्ग दिशा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशंस → मालवीय चौक → तहसील → सुभाष चौक → नगीनाचौक निर्धारित किया गया।

रैली का सबसे प्रेरणादायक क्षण नगीनाचौक पर देखने को मिला, जब राष्ट्रगान के प्रारंभ होते ही पूरा धामपुर नगर 52 सेकंड के लिए थम गया। दिशा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशंस के नेतृत्व में राष्ट्रगान के दौरान नागरिकों ने अनुशासन एवं देशभक्ति का अद्भुत परिचय दिया। संस्थान प्रशासन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चेतना तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की सफलता पर सभी विभागाध्यक्षों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।