Spread the love

मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को मिल में नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण, प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम

अजमल अंसारी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) चांदपुर कार्तिक पूर्णिमा पर नारनौर गंगा घाट पर स्नान कर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जलीलपुर रोड स्थित गांव अकबरपुर सिमली के पास गन्ने से लदे अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। दुर्घटना में 35 वर्षीय महिला विमलेश और उनकी आठ वर्षीय बेटी निधि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के कई अन्य सदस्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, थाना चांदपुर क्षेत्र के गांव अकबरपुर झोझा निवासी निलेश अपने परिवार के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर नारनौर गंगा घाट पर गंगा स्नान करने गए थे। स्नान के बाद परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस गांव लौट रहा था। जैसे ही उनका वाहन अकबरपुर सिमली के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे गन्ने से भरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर चला रहे निलेश करीब आधे घंटे तक नीचे दबे रहे। उन्हें जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ पहुंचाया गया। यहां निलेश और जानकी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि पूजा, मुन्नी, ओमपाल और प्रिंस को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।


शव गांव पहुंचते ही फूटा आक्रोश पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मां-बेटी के शव गांव पहुंचे, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गम और आक्रोश के बीच ग्रामीणों ने दोनों शवों को धनौरा रोड पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को मिल में नौकरी दिलाने की मांग पर अड़ गए। सड़क पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। मांगों को लेकर करीब शाम चार बजे तक वार्ता चली। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। मां-बेटी की एक साथ मौत से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *