Spread the love

घाटों पर पर्याप्त जल की उपलब्धता और सुरक्षित स्नान व्यवस्था के लिए प्रशासन को करना होगा विशेष प्रयास

विक्की जोशी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)। महात्मा विदुर की पावन तपोभूमि विदुर कुटी गंज में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला प्रशासन, जिला पंचायत एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मेले की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर गंगा नदी का जलस्तर घटने से श्रद्धालुओं के गंगा स्नान को लेकर एक महत्वपूर्ण चुनौती सामने आ रही है। गंगा का जलस्तर कम होने के कारण मेला स्थल के घाटों पर पर्याप्त पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऐसे में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर दूर-दराज के क्षेत्रों से लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्नान करने में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए घाटों पर पर्याप्त जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए प्राथमिकता का विषय होना चाहिए। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। बिजनौर जनपद ही नहीं, बल्कि आसपास के जनपदों और दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित गंज गंगा घाट पहुंचते हैं। ऐसे में यदि स्नान घाटों पर पानी कम रहता है तो श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समय रहते प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *