मो0 आलम
लखीमपुर खीरी (परिपाटी न्यूज़) खीरी जिले के थाना फरधान क्षेत्र की लीलाकुआं पुलिस चौकी के अंतर्गत अवैध बालू खनन का कथित कारोबार धड़ल्ले से संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि दिन ढलते ही खनन का खेल शुरू हो जाता है और शाम होते-होते बालू के अवैध खनन व परिवहन का सिलसिला तेज हो जाता है। ऐसे में स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि चौकी क्षेत्र में शाम होते ही अवैध खनन का कारोबार सक्रिय हो जाता है, तो जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगती? क्या क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी नहीं की जा रही है, या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है? आखिर किसके भरोसे खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं? अवैध खनन से जहां सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका है, वहीं प्राकृतिक संसाधनों का भी अंधाधुंध दोहन हो रहा है।

यदि आरोप सही हैं तो यह महज खनन विभाग की जिम्मेदारी नही बल्कि संबंधित पुलिस चौकी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल है। अब देखना यह है कि थाना फरधान पुलिस और उच्चाधिकारी इन शिकायतों का संज्ञान लेकर अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए क्या कार्रवाई करते हैं या फिर लीलाकुआं चौकी क्षेत्र में यह कथित कारोबार इसी तरह बेखौफ चलता रहेगा?
