विशाल कुमार
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) कांठ। महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती के पावन अवसर पर नगर कांठ में आर्य समाज के लोगों द्वारा धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हिमांशु चौहान ने फीता काटकर किया। इस दौरान बैंड-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसका जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में आर्य समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं नगर के गणमान्य लोग शामिल रहे।

बैंड-बाजे की धुन और धार्मिक जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास और सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया था। शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
