चौधरी अमरीक सिंह
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज) प्रशासनिक स्तर से संचालित ‘मिशन संपूर्ण समाधान’ के अंतर्गत आमजन की शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित कराया जा रहा है। जिलाधिकार अनुनय झा के निर्देश पर जनपद की प्रत्येक तहसील में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों में से प्रतिदिन 05 शिकायतों का अंतिम एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जा रहा है। तहसील ठाकुर द्वारा मेहनाज के राशन कार्ड चालू कराने संबंधी प्रकरण पर पूर्ति निरीक्षक की जांच आख्या के अनुसार शिकायतकर्ता का पात्र गृहस्थी का राशन कार्ड जारी कर दिया गया। शाईन शाहना एवं शमा बेगम के मायके से जाति तस्दीक कराने संबंधी प्रकरण में तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के अनुसार जाति तस्दीक कर निस्तारण कर दिया गया तथा आसमा के खतौनी में अंश दुरुस्त कराने संबंधी मामले में गाटा संख्या 208 रकवा 0.5910 हेक्टेयर में अंश संशोधित करा दिया गया। तहसील कांठ शिकायतकर्ता प्रीति सागर,चरन सिंह एवं पलक के जाति प्रमाण-पत्र बनाने हेतू प्रकरण का संज्ञान लेते हुए तहसीलदार की आख्या के अनुसार कार्यवाही कर प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया। सुनील कुमार के सितम्बर माह में आये तूफान में धान की फसल खराब होने पर फसल का मुआवजा दिलवाने के प्रकरण पर तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के अनुसार राहत आयुक्त पोर्टल पर फीड कर प्रेषित कर दिया गया, जिसके पश्चात् लाभार्थी के बैंक खाते में सहायता हेतु धनराशि आवंटित अंतरित हो गयी है तथा जितेन्द्र सिंह के आवासीय मकान में जियो टैगिंग कराने संबंधी प्रकरण पर तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के अनुसार मकान की जियो टैगिंग कर प्रकरण निस्तारण कर दिया गया।

तहसील बिलारी क्षेत्र के अन्तर्गत शिकायतकर्ता भूरे सिंह के सनाई में विरासत दर्ज कराये जाने संबंधी प्रकरण में नियमानुसार वारिसों की जांच कर विरासत अग्रसारित कर दी गई है। राजेन्द्र के ग्राम सतारन की गाटा संख्या 273 रकवा 0.0200 हेक्टेयर में चकमार्ग की पैमाइश संबंधी प्रकरण में राजस्व विभाग की जांच पर चकमार्ग की पैमाइश कर चिन्हित कर दिया गया है। इसके साथ ही रामकिशोर के ग्राम सुजानपुर,गजेन्द्र के ग्राम रजाभूड़ में चकमार्ग की पैमाइश कराने संबंधी प्रकरण पर राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया तथा बलराम के ग्राम नरौदा की गाटा संख्या 967 रकवा 0.295 हेक्टेयर में खेत की पैमाइश कराने संबंधी प्रकरण में राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार खेत की पैमाइश करा दी गयी है, मौके पर खेत पूरा है। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर संचालित ‘मिशन संपूर्ण समाधान’ का उद्देश्य केवल शिकायतों का औपचारिक निस्तारण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष जांच, नियमानुसार कार्रवाई एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन द्वारा शिकायतों के निस्तारण की निरंतर समीक्षा की जा रही है, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा उन्हें समयबद्ध एवं प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
