मुकुट यादव
सम्भल(परिपाटी न्यूज)नखासा। थाना नखासा क्षेत्र में सड़क पर ट्रैक्टरों से स्टंट करना दो चालकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर स्टंट कर रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को थाने लाकर मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में ट्रैक्टरों से स्टंट करने वालों में खलबली मच गई। जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम थाना नखासा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पंचायत रुकनुद्दीन सराय में दो ट्रैक्टर आपस में स्टंट कर रहे हैं।इनमें एक आयशर और दूसरा सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर बताया गया। सूचना मिलने के बाद हिन्दूपुरा खेड़ा चौकी प्रभारी सुधीर कुमार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए।

पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई।पुलिस टीम ने दोनों ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में लेकर थाना नखासा पहुंचाया। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रैक्टरों को थाने में खड़ा कराया गया।पुलिस का कहना है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। ट्रैक्टरों से स्टंट करना न केवल नियमों का उल्लंघन है,बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो कोई भी बडा हादसा हो सकता था। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से बचें और यातायात नियमों का पालन करें।
