मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) आगामी 13 नवंबर को प्रस्तावित 24 कोसीय परिक्रमा यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने कोतवाली सम्भल क्षेत्र के अंतर्गत स्थित श्री क्षेमनाथ तीर्थ का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परिक्रमा यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों और मार्गों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। साथ ही यात्रा के दौरान आने वाली संभावित व्यवस्थागत चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।

परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने पर भी विशेष जोर दिया।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परिक्रमा यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें। पुलिस प्रशासन की ओर से परिक्रमा यात्रा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
