मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव रोरादीप में ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने ट्रैक्टर पर बैठे दिव्यांग युवक के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट कर दी। मारपीट में युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस घायल को थाने लेकर पहुंची, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित के पिता ने गांव के ही दो भाइयों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार गांव रोरादीप निवासी अनुज (19) पुत्र चंद्रभान गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से घूड़ी का खाद भरवा रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां पहुंचा और अनुज से ट्रॉली हटाने को कहा।

इस पर अनुज ने जवाब दिया कि वह ट्रैक्टर चलाने वाले को बुलाकर ला रहा है। आरोप है कि इसी बात को लेकर दूसरा पक्ष नाराज हो गया और अनुज के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटकर घायल कर दिया।बताया गया कि अनुज करीब 12 वर्ष पूर्व 11 हजार वोल्ट के बिजली करंट की चपेट में आ गया था, जिससे उसके दोनों पैर क्षतिग्रस्त हो गए थे। वर्तमान में वह प्लास्टिक के पैरों के सहारे चलने को मजबूर है।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी सचिन कुमार द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया है कि ट्रैक्टर ट्राली हटाने को लेकर लेकर विवाद हो गया था जिसमें एक विकलांग व्यक्ति घायल अवस्था में थाने आया था जिसको जिला अस्पताल भेज कर मेडिकल कराया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी है जांच आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
