अवधेश कुमार मौर्य
सीतापुर (परिपाटी न्यूज )मिश्रिख (सीतापुर): हरदोई-सीतापुर मार्ग स्थित महंत पुलिया के पास सड़क निर्माण के लिए आबादी वाले क्षेत्र में डामर (कोलतार) गर्म किया जा रहा है। इससे निकलने वाले विषैले धुएं से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है तथा वहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं की भी परेशानी बढ़ गई है। व्यवस्था से नाराज स्थानीय निवासी सत्येंद्र सिंह, राजकिशोर विश्वकर्मा, शोभित, शरद दीक्षित और दिनेश समेत कई लोगों ने विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों का कहना है कि घनी आबादी के बीच डामर गर्म करने से आम जनमानस के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ तुरंत दंडात्मक कार्रवाई की जाती है, तो फिर आबादी के बीच प्रदूषण फैलाने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? ग्रामीणों ने संबंधित विभाग व प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार ठेकेदार पर नियमों के तहत कार्रवाई करने और डामर पिघलाने की इस व्यवस्था को तुरंत आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है। मामले पर संज्ञान लेते हुए उप उपजिलाधिकारी दीपक गुप्ता ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर उचित व वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
