Spread the love

आशु तोमर

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) नजीबाबाद।मंडावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुस्सेपुर के पास नेशनल हाईवे पर गलत दिशा से जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और कैंटर के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में एक युवक की उपचार के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम भगाला निवासी मनोज कुमार के बेटे का मुंडन संस्कार होना था। परिवार और रिश्तेदार सहित लगभग 20-22 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मुंडन कराने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक हाईवे पर गलत दिशा से वाहन दौड़ा रहा था।

जैसे ही वे मंडावली क्षेत्र के ग्राम मुस्सेपुर के पास मेन हाईवे कट पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठी सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में थाना नहटौर के ग्राम मलियाबाद निवासी जीतू (30 वर्ष) पुत्र गणेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा मनोज कुमार और जोनी को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंडावली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। जहाँ उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल जीतू ने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *