आशु तोमर
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) नजीबाबाद। नगर क्षेत्र में जरूरतमंदों की मदद और उनके पुनर्वास के लिए एक नई मानवीय पहल की शुरुआत हुई है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक बिजनौर कृष्ण कुमार विश्नोई ने नजीबाबाद में नवनिर्मित ‘प्रत्याशा रिहैबिलिटेशन सेंटर’ का मुख्य अतिथि के रूप में भव्य उद्घाटन किया। यह केंद्र प्रेमधाम आश्रम और सेंट मैरी हॉस्पिटल, नजीबाबाद के संयुक्त सहयोग से स्थापित किया गया है। समारोह में पहुंचे पुलिस अधीक्षक का स्कूली बच्चों ने पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें सलामी दी। इसके बाद एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने दीप प्रज्वलित कर केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया। इस खास अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा कई शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

केंद्र प्रबंधन ने इसके उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘प्रत्याशा रिहैबिलिटेशन सेंटर’ की स्थापना का मुख्य मकसद समाज के वंचित और जरूरतमंद व्यक्तियों के जीवन में आशा का संचार करना है। इस केंद्र के माध्यम से ऐसे लोगों को बेहतर उपचार और पुनर्वास की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रबंधन का संकल्प है कि वे इन व्यक्तियों की मानवीय गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक जीने और उनके जीवन को पुनः पटरी पर लाने में हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
