Spread the love

अमित कुमार

मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) कांठ ,न्याय पंचायत मौढ़ी हजरतपुर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन कंपोजिट विद्यालय मौढ़ी हजरतपुर में किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी के छात्र जुबैर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न्याय पंचायत चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन संकुल शिक्षक शमीम अहमद, गौरव यादव, संदीप पंवार, प्रियंका चौधरी एवं भुवनेश कुमारी सहित न्याय पंचायत के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों के सहयोग से किया गया। इस दौरान 50, 100, 200, 400 एवं 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और चक्का फेंक सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बालक वर्ग में जुबैर और अजीम का शानदार प्रदर्शन बालक वर्ग की प्राथमिक स्तर की प्रतियोगिताओं में दीपांशु, अदनान एवं लक्ष्य ने दौड़ की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लंबी कूद में लक्ष्य ने बाजी मारी। उच्च प्राथमिक स्तर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी के छात्र जुबैर ने 100 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं ऊंची कूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, अजीम ने 200, 400 एवं 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर जुबैर को न्याय पंचायत चैंपियन घोषित किया गया। बालिका वर्ग में छात्राओं ने भी लहराया परचम बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में आफरीन, 200 मीटर दौड़ में सिमरा तथा 400 एवं 600 मीटर दौड़ में निधि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

लंबी कूद एवं ऊंची कूद में राधा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गोला फेंक एवं चक्का फेंक में वंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा नन्ही, कनक, सनूवी, अल्तशा, नाजमीन, यशवी एवं जोया सहित अन्य छात्राओं ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। नन्ही एवं सनूवी ने दौड़ की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर सराहनीय प्रदर्शन किया। खेल प्रतियोगिताओं से बच्चों को मिलता है प्रोत्साहन प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक विकास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना रहा। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजकों एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में न्याय पंचायत के संकुल शिक्षकों एवं विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *