अभिषेक पाण्डेय
लखीमपुर खीरी (परिपाटी न्यूज)विकासखंड बेहजम क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ग्राम सभा बहादुरपुर के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय अल्टहापुर का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़कर खाद्यान्न समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद विद्यालय से जुड़े लोगों में चिंता का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने प्राथमिक विद्यालय अल्टहापुर के रसोईघर को निशाना बनाया। चोर वहां लगा ताला तोड़कर अंदर घुस गए और रसोईघर में रखा खाद्यान्न व अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में लगभग 55 किलोग्राम चावल, 45 किलोग्राम गेहूं, दो कुकर, दो भगोने, एक बड़ा कप, प्लेट, गिलास, जग, चम्मच तथा आटा रखने की टंकी (स्टील) सहित अन्य रसोई संबंधी सामान शामिल है।

इसके अलावा विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में रखा लगभग 170 किलोग्राम खाद्यान्न और अन्य पोषाहार सामग्री भी चोरी होने की जानकारी दी गई है। वहीं, विद्यालय परिसर में खेल सामग्री कक्ष में लगा पानी का स्टैंड भी चोर उखाड़कर ले गए।घटना के संबंध में प्राथमिक विद्यालय अल्टहापुर की ओर से 22 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी बेहजम में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है। प्रार्थना पत्र में चौकी प्रभारी से मामले को संज्ञान में लेते हुए चोरी की घटना की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। विद्यालय की सुरक्षा पर उठे सवाल विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के उपयोग के लिए रखा खाद्यान्न एवं जरूरी सामान चोरी होने से सरकारी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय में रखे खाद्यान्न और रसोई के सामान का उपयोग बच्चों के लिए संचालित योजनाओं में किया जाता है। ऐसे में इस प्रकार की घटना से संबंधित व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में जांच कर चोरी की घटना का खुलासा कब तक करती है और चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
