Spread the love

अजमल अंसारी

बिजनौर(परिपाटी न्यूज़) चांदपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक किसान की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। किसान का शव गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर जंगल के रास्ते पर उसके ही ट्रैक्टर की सीट पर पड़ा मिला। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पूरा मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के केलनपुर गांव का है। मृतक किसान की पहचान 50 वर्षीय विजयपाल सिंह पुत्र रोहताश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब चार बजे विजयपाल ट्रैक्टर लेकर खेतों में जुताई करने के लिए निकले थे। शाम सात बजे तक घर नहीं लौटने पर पत्नी गीता ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

देर रात करीब 12 से एक बजे के बीच ग्रामीण रामपुर नजराना जाने वाले रास्ते पर पहुंचे, जहां ट्रैक्टर की सीट पर विजयपाल का शव मिला। उनके शरीर पर गोली लगने के दो निशान थे। मौके से एक कारतूस भी बरामद हुआ। मृतक की पत्नी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का शक जताया है। हालांकि, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसान विजयपाल की हत्या किसने और क्यों की? पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *