Spread the love

रोनिक गोयल

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) नहटौर। क्षेत्र के गांव समसपुर में खाद की दुकान पर सामान लेने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज, मारपीट और ईंट से हमला करने का आरोप लगा है। घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित बृजपाल सिंह के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे दो युवक स्कूटी से उनके बेटे की खाद की दुकान पर पहुंचे। युवकों ने सामान मांगा तो उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा गया। इसी बात को लेकर दोनों युवक बहस करने लगे।

आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने ईंट उठाकर उन पर हमला कर दिया।बृजपाल सिंह के मुताबिक, वह डंडा लेकर दुकान से बाहर आए तो युवकों ने डंडा छीन लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसआई संयम यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *