देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) जनपद बिजनौर के किरतपुर क्षेत्र में एक युवती ने अपने कथित प्रेमी के घर जाकर जहर खा लिया। गंभीर अवस्था में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मोहल्ले का एक युवक पिछले दो वर्षों से युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। आरोप है कि धमकी देकर कई बार रुपये वसूले गए और शारीरिक शोषण भी किया गया।

बताया गया कि 16 फरवरी 2026 की रात युवक ने युवती को अपने घर बुलाया था। वहां युवती ने विवाह की बात रखी, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इससे आहत होकर युवती ने वहीं जहर खा लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवती की हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।