अभिषेक पाण्डेय
लखीमपुर खीरी (परिपाटी न्यूज ) विकासखंड बेहजम के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत गुलचौरा में इन दिनों भारी अव्यवस्थाएं देखने को मिल रही हैं। गांव की अधिकांश नालियां जाम पड़ी हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर भर गया है और रास्तों पर कीचड़ फैलने से लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक महीने से गांव में कोई सफाई कर्मचारी नहीं आया, जिसके चलते नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। नालियों से निकला गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को निकलने में सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। साथ ही मच्छरों के पनपने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मी अपनी मनमानी करते हैं और जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शासन-प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गांव में नियमित सफाई व्यवस्था बहाल की जाए, नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए और लापरवाह सफाई कर्मियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि गांव को गंदगी और बीमारियों से राहत मिल सके।