Spread the love

रिपोर्ट- अजमल अंसारी/परिपाटी न्यूज़ मीडिया ग्रुप चांदपुर

चांदपुर (परिपाटी न्यूज़)उत्तर प्रदेश हिस्ट्री स्कॉलर्स एसोसिएशन द्वारा हिंदू इंटर कॉलेज चांदपुर के वरिष्ठ अंग्रेजी प्रवक्ता महेंद्र सिंह त्यागी को इतिहास सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। शनिवार को जनपद के ऐतिहासिक स्थल विदुर कुटी में आयोजित एक सादे समारोह में संगठन के जिला अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह एवं जिला महामंत्री स्वाति मिश्रा द्वारा महेंद्र सिंह त्यागी को अंग वस्त्र, प्रतीक

चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें इतिहास सेवा सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर अतुल कुमार सिंह ने कहा कि श्री त्यागी को यह सम्मान उनके प्रसिद्ध शोध पत्र जनपद बिजनौर का ऐतिहासिक, पौराणिक एवं समाजशास्त्रीय अध्ययन के लिए दिया जा रहा है। श्री त्यागी ने इस शोध पत्र के माध्यम से जनपद बिजनौर के प्राचीन इतिहास, दर्शनीय स्थल, साहित्यकारों, चित्रकारों, महान व्यक्तित्व, आई ए एस एवं आईपीएस अधिकारियों के बारे में विस्तार पूर्वक वर्णन किया है जो राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बहुत ही लोकप्रिय हुआ है। यद्धपि श्री त्यागी अंग्रेजी प्रवक्ता है किंतु इतिहास के प्रति उनकी विशेष रूचि है। उन्होंने 40 दिन तक निरंतर जनपद बिजनौर के इतिहास को लिपिबद्ध किया है जो अपने आप में एक अद्वितीय कार्य है। श्री त्यागी के विभिन्न शोध पत्रों को अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित होने के साथ-साथ प्रतियोगी युवाओं द्वारा बहुत पसंद किया गया है।


कार्यक्रम में सार्वजनिक इंटर कॉलेज फीना के हिंदी प्रवक्ता आत्माराम को भी इतिहास सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया है। जनपद बिजनौर के इतिहास लेखन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया है। आत्माराम के कई शोध पत्र देश-विदेश की विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।एसोसिएशन की महामंत्री स्वाति सिंह ने कहा कि संगठन इतिहास विषय पर शोध करने वाले विशेषज्ञों को प्रतिवर्ष सम्मानित करेगा एवं पुरातात्विक साक्ष्यों की प्राप्ति हेतु संबंधित संभावित स्थानों पर आर्कियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया से मिलकर आवश्यकता अनुसार खुदाई भी कराएगा। कोष अध्यक्ष वंदना कनौजिया ने कहा कि इतिहास आज की प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु एक व्यापक विषय है। प्रत्येक व्यक्ति को भारत के इतिहास की गहन जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने संगठन के संबंध में बताया की इतिहास विषय में रुचि रखने वाले छात्र, शिक्षक एवं ऐसे व्यक्ति जो इतिहास के बारे में विशेष अनुभव रखते हैं वे संगठन के निशुल्क सदस्य बन सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि एसोसिएशन युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु इतिहास विषय की विशेष तैयारी भी कराती है। संगठन का मुख्यालय प्रयागराज में स्थित है। कार्यक्रम में अरुण कुमार त्यागी, पंकज कुमार त्यागी, एम एस त्यागी अतुल कुमार सिंह, दुष्यंत कुमार, चरण सिंह, मनोज कुमार, वंदना कनौजिया आत्माराम एवं जनपद के इतिहास विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

By Rahul Tomer

C.E.O(IT Dept.) Paripati News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *