Spread the love

हरिद्वार पीपीएन। मेलाधिकारी दीपक रावत एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुम्भमेला जनमेजय खण्डूरी ने शनिवार को दक्ष पार्किंग, बैरागी, गौरीशंकर, चण्डीघाट सेक्टर का औचक स्थलीय निरीक्षण किया।
मेलाधिकारी ने सर्वप्रथम दक्ष पार्किंग का जायजा लिया तथा लक्सर व दिल्ली से आने वाली गाड़ियों की पार्किंग के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया तथा वहां की व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। इसके पश्चात वे बैरागी कैम्प का निरीक्षण करते हुये गौरीशंकर दीप पहुंचे। सेक्टर मजिस्ट्रेट गौरीशंकर ने मेलाधिकारी को लाइट व्यवस्था के बारे में बताया। वहां से वे बिजनौर, मुरादाबाद, नैनीताल जाने वाली रोड श्यामपुल तिराहा क्रासिंग पहुंचे। वहां पर मेलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने बसों को पार्किंग कराने के बाद श्रद्धालुओं को शटल बस की सेवा देने के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया।
दीपक रावत ने चण्डीपुल के नीचे अस्थाई पुलों एवं घाटों का निरीक्षण किया तथा भीड़ बढ़ने पर अस्थाई घाटों पर श्रद्धालुओं को स्नान कराने तथा गंगा में पानी के लेबल के सम्बन्ध में चर्चा की।
मेलाधिकारी ने चण्डीपुल चैकी के पास नीचे की ओर बन रहे रैम्प का भी निरीक्षण किया, जहां से श्रद्धालु चण्डीघाट तथा बन रहे अस्थाई पुल होते हुये गौरीशंकर पार्किंग जा सकेंगे।
दीपक रावत ने निरीक्षण के दौरान चण्डीपुल के नीचे निवास करने वाले मिर्ची बाबा, जो सिर्फ दूध, चाय तथा मिर्च का ही सेवन करते हैं एवं गौरीशंकर सेक्टर में 40 साल से एक हाथ ऊपर किये हुये महन्त भोलागिरी जी महाराज तथा 13 साल से खड़े रहने वाले बाबा, महांकुम्भ के आकर्षणों के भी दर्शन किये।
औचक निरीक्षण के दौरान मनीष सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
………………………….

By PARIPATI NEWS

PARIPATI NEWS MEDIA GROUP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *