
संवाददाता – सूरज गूर्जर
सहारनपुर (पीपीएन) जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह ने कहा कि किसान कल्याण मिशन अभियान के अन्तर्गत 21 जनवरी को जनपद के रामपुर मनिहारान, सढ़ोली कदीम, देवबंद और गंगोह विकास खण्ड परिसर में किसान गोष्ठि/प्रदर्शनी/मेलों का आयोजन किया जायेंगा। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में किसानों की वर्तमान आय को दोगुना करने का प्रयास को गति प्रदान की जायंेगी। अभियान के अंतर्गत कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान, उद्यान, गन्ना, पशुपालन, खाद्य एवं रसद, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, सिंचाई, लघु सिंचाई, मत्स्य, रेशम, नेडा, वन, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के द्वारा किसानों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा प्रदान कराई जायेंगी। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक विकास खण्ड पर एक नोडल अधिकारी तथा पर्यवेक्षीय अधिकारी की तैनाती की जायेंगी।
श्री अखिलेश सिंह ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होने कहा कि किसान कल्याण मिशन अभियान में कृषि वैज्ञानिकों से कृषि आधारित अन्य गतिविधियों जिनमें पशुपालन, बागवानी, गन्ना इत्यादि तथा कृषि आधारित उद्योग सम्मिलित है, को विकसित कर इन गतिविधियों के माध्यम से किसान कल्याण तथा किसान की आमदनी दुगुना करने का एक अभियान किसान कल्याण मिशन के रूप में चलाया जायेगा। उन्होने ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, किसानों, महिला किसानों की प्रतिभागिता सुनिश्चित कराएं।
श्री अखिलेश सिंह ने कहा कि विकास खण्ड स्तर पर कृषि एवं सहवर्गी सेक्टर की वृहद प्रदर्शनी जिसमें स्थानीय स्तर पर लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमिता इकाइयों तथा ग्राम्य विकास के आजीविका मिशन के अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के द्वारा उत्पादित प्रमुख उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी एवं विभिन्न प्रकार की कृषि तकनीकों के प्रदर्शन (डिमान्सट्रेशन) कराये जायेंगे। किसान गोष्ठी जिसमें प्रगतिशील किसान, कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग से जुडे कृषि प्रसार कार्यकर्ता शासन की किसानोन्मुखी योजनाओं के बारे में सम्यक जानकारी उपलब्ध करायेंगे। विभिन्न विभागों द्वारा कृषि कल्याण की संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि विकास खण्ड स्तर पर आयोजित होने वाले कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शनी में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम, सहकारिता, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई, नेडा, विद्युत, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, वन, बाल विकास एवं पुष्टाहार इत्यादि विभाग अपनी-अपनी योजनाओं से सम्बंधित स्टाल लगायेंगे एवं लाभार्थी परक योजनाओं के स्वीकृतपत्र/प्रमाण-पत्र/कृषि यंत्र वितरण/पुरूस्कार आदि का वितरण भी सुनिश्चित करायेंगे।
उप कृषि निदेशक श्री रामजतन मिश्र ने बताया कि रामपुर मनिहारान में आयोजित होने वाला किसान प्रदर्शनी तहसील/मण्डी समिति परिसर में होगा। इसी प्रकार सढौली कदीम तथा गंगोह विकास खण्ड में आयोजित किसान प्रदर्शनी विकास खण्ड परिसर में आयोजित होंगे। देवबंद में होने वाली किसान प्रदर्शनी देवीकुण्ड प्रागंण में आयोजित होंगी।