Spread the love

संवादाता:- मोहम्मद दानिश

हरिद्वार पीपीएन:-हरिद्वार, 23 सितंबर: बीएचईएल हरिद्वार में अगस्त-सि‍तंबर माह में आयोजित हिंदी प्रतियोगिताओं एवं प्रोत्साहन योजनाओं के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए हिंदी उत्सव एवं पुरस्‍कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया । समारोह के मुख्‍य अथिति बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री संजय गुलाटी थे । कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रेरणादायक भेल गीत एवं दीप प्रज्वलन के माध्यम से हुआ । समारोह को सम्बोधित करते हुए श्री संजय गुलाटी ने कहा कि आज हिंदी का स्वरूप काफी व्यापक हो गया है । हिंदी ने साहित्य, फिल्म, कला, संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान के साथ-साथ संचार, बाजार तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है । उन्होंने कहा कि बीएचईएल, हरिद्वार में हिंदी समितियों एवं हिंदी चक्रों के विशेष प्रयासों से राजभाषा कार्यान्वयन में सतत् वृद्धि हो रही है । इससे पहले महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री नीरज दवे ने सभी अतिथियों एवं पुरस्कार विजेताओं का स्वागत करते हुए प्रभाग में वर्ष के दौरान आयोजित की गई राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी व‍िशिष्‍ट उपलब्‍धि‍यों एवं गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्‍तुत किया । समारोह में श्री संजय गुलाटी, श्री वी. के. रायजादा एवं श्री नीरज दवे द्वारा हिंदी उत्सव के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं एवं प्रोत्साहन योजनाओं के विजेताओं को स्‍मृति चिह्न तथा प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया । अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री पी. के. श्रीवास्‍तव ने अपने धन्‍यवाद ज्ञापन में आयोजन को सफल बनाने वाले प्रत्येक घटक का आभार व्‍यक्‍त किया ।

कार्यक्रम में सुश्री कल्‍पना त्रिपाठी द्वारा दीप वंदना भी प्रस्‍तुत की गई । समारोह का संचालन सुश्री मनीषा शर्मा तथा सुश्री आयुषी त्रिपाठी द्वारा किया गया । राष्‍ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया । इस अवसर पर अनेक महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, राजभाषा विभाग के सभी सदस्य, हिंदी समितियों एवं चक्रों के अध्‍यक्ष एवं सचिव तथा पुरस्कार विजेता आदि उपस्थिति रहे।

By PARIPATI NEWS

PARIPATI NEWS MEDIA GROUP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *