अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) चांदपुर-धनौरा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बागड़पुर गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों एक बीमार रिश्तेदार को देखने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दंपती की मौत से उनके चार छोटे बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। जानकारी के अनुसार, अमरोहा जिले के बछरायूं गांव के मोहल्ला फकीरों वाला निवासी इरशाद पुत्र गफ्फार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी अंजुम के साथ बाइक से चांदपुर क्षेत्र में एक बीमार रिश्तेदार को देखने आए थे।

रिश्तेदार का हालचाल जानने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि चांदपुर-धनौरा मार्ग पर बागड़पुर गांव के निकट पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि वाहन चालक दोनों को कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। हादसे में इरशाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंजुम ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

चांदपुर थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों चांदपुर की ओर से जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।मृतक दंपती के परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं। माता-पिता की असमय मौत से चारों बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
