Spread the love

विजेन्द्र सिंह सैनी

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज़)। बहादराबाद-रोहालकी मार्ग पर केयर कॉलेज के निकट मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। मधुमक्खियों के झुंड ने वहां से गुजर रहे कई लोगों को अपना निशाना बना लिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मधुमक्खियों के डंक से कई व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों का झुंड अचानक लोगों पर टूट पड़ा। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते दिखाई दिए। हमले में कई लोगों के शरीर पर मधुमक्खियों ने डंक मारे, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग, विद्यार्थी और वाहन चालक आवागमन करते हैं। ऐसे में मधुमक्खियों के हमले की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कराया जाए और मधुमक्खियों के झुंड से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।परिपाटी न्यूज़ की अपील: केयर कॉलेज के आसपास से गुजरने वाले लोग सावधानी बरतें और मधुमक्खियों का झुंड दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे छेड़ने से बचें।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *