Spread the love

विक्की जोशी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)। कार्तिक पूर्णिमा मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी साकेंद्र प्रताप सिंह ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी तैयारियां युद्धस्तर पर और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा मेले को पिछले वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और गंगा स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेले के मुख्य मार्ग के दोनों ओर 10-10 फीट चौड़ी पटरी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क किनारे लगने वाली दुकानों पर खरीदारी के दौरान होने वाली भीड़ को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने मुख्य मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने देने तथा मार्ग को पूरी तरह आवागमन के लिए सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख विनोद राठी, शशांक राजपूत, ओमवीर राणा, अवर अभियंता सुशील कुमार, अवर अभियंता सुभाष चंद्र प्रसाद सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *