अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में विधानसभा निर्वाचन नियमावली के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्थानीय विवेक विश्विद्यालय के मेडिकल कॉलेज हाल में एक भव्य मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा भव्य रूप से स्वागत गीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।कार्यक्रम में उप जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक विश्वविद्यालय के कुलपति अमित गोयल, तहसीलदार सदर एवं नायब तहसीलदार सहित विश्वविद्यालय के अध्यापक एवं छात्र एवं छात्राएं मौजूद थे। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कौर ने युवा छात्र एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में लोकतांत्रिक प्रणाली पर आधारित शासन व्यवस्था प्रचलित है, जिसको आम नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करके बलवती बनाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त, पारदर्शी एवं परिपक्व बनाए रखने के लिए शिक्षित युवा वर्ग को आगे आना होगा ताकि देश विज्ञान, तकनीकी एवं अन्य क्षेत्रों विश्व स्तर पर किसी

भी तरह पीछे न रह सके। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और एक सशक्त लोकतंत्र के लिए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया गया कि 01 जनवरी,2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी छात्र-छात्राएं एवं युवा वर्ग फॉर्म-6 भर कर अपना नाम मतदाता सूची में प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में नाम शामिल होने के बाद युवा एवं युवतियों के लिए बहुत से सामाजिक एवं आर्थिक लाभ प्राप्त हो जाते हैं, अतः कोई भी युवक एवं युवती, जिसने 01 जनवरी 2026 को अपनी आयु के 18 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं, शत प्रतिशत रूप से फार्म 6 भर कर अपना पंजीकरण जरूर कराएं। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर नए युवाओं एवं युवतियों के लिए ऑनलाइन फॉर्म 6 भरने की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं के अलावा मतदाता पंजीकरण के लिए (नया नाम जोड़ने के लिए), फॉर्म-7 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म-8 (संशोधन/त्रुटि सुधार) के लिए Voter Helpline App एवं ऑनलाइन पोर्टल www.voters.eci.gov.in माध्यम से भी आवेदन करने की प्रक्रिया पूर्ण की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।