Spread the love

विजेन्द्र सिंह सैनी

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज़)। बहादराबाद विकासखंड के अंतर्गत गांव अहमंदपुर ग्रंन्ट में अज्ञात चोरों ने एक किसान की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेत में पककर तैयार खड़ी धान की फसल को अज्ञात चोर काटकर ले गए। घटना के बाद किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। खेत में खड़ी फसल चोरी होने से क्षेत्र के किसानों में भी चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार अहमंदपुर ग्रंट निवासी किसान बलराम राजपूत ने ठेके पर खेत लेकर उसमें धान की फसल की बुवाई की थी। किसान ने फसल तैयार करने के लिए पूरे सीजन मेहनत की और फसल पकने का इंतजार कर रहा था। जब धान की फसल पककर कटाई के लिए तैयार हुई तो अज्ञात चोरों ने खेत को निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि चोर धान के खेत के अंदर घुसे और वहां खड़ी पकी हुई धान की फसल को काटकर ले गए।

किसान बलराम राजपूत के अनुसार चोरों द्वारा धान की फसल काटकर ले जाने से उन्हें करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। किसान का कहना है कि खेत ठेके पर लेकर फसल तैयार करने में काफी मेहनत और खर्च करना पड़ता है। खाद, बीज, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों पर लागत लगाने के बाद जब फसल तैयार होती है तो किसान को उससे आमदनी की उम्मीद रहती है, लेकिन इस तरह फसल चोरी होने से किसान की मेहनत और लागत दोनों पर पानी फिर जाता है। घटना से किसान काफी परेशान है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में खड़ी फसलों की सुरक्षा करना किसानों के लिए लगातार चुनौती बनता जा रहा है। दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार करने वाले किसानों को यदि इस तरह चोरी की घटनाओं का सामना करना पड़े तो उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *