Spread the love

रोनिक गोयल

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) नहटौर। भैया दूज पर घर लौट रही बहन को लेने आए भाई की बाइक मंगलवार देर शाम पीर की चुंगी के पास ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान छोड़ी गई बजरी को हादसे की वजह बताते हुए निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी जताई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम लठमार मिलक निवासी रिया (20) पुत्री पप्पू सिंह मंगलवार देर शाम देहरादून-हरिद्वार से अपने घर लौटने के लिए नहटौर पहुंची थी। उसे लेने के लिए उसका भाई सोनू (25) पुत्र पप्पू सिंह अपने साथी प्रदीप पुत्र नरेश निवासी ग्राम रायपुर लकड़ा के साथ बाइक से पहुंचा था। बहन को साथ लेने के बाद तीनों ने नगर के बाजार से कुछ खरीदारी की। इसके बाद वे बाइक से गांव लौट रहे थे। बताया गया कि नगर के पीर की चुंगी के पास उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने रिया और सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रदीप को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। भाई-बहन की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सड़क पर छोड़ी बजरी बन रही हादसों का कारण नहटौर-धामपुर मार्ग पर इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके तहत नगर क्षेत्र में भी निर्माण कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराने के बाद ठेकेदार ने सड़क के दोनों ओर फैली बजरी को नहीं हटवाया। इसके चलते सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है।

लोगों का कहना है कि मंगलवार को भी बजरी पर बाइक फिसलने के कारण यह हादसा हुआ।विकास, बबलू, विक्की, गौरव, हर्षित, मोहित, रामपाल और हिमांशु आदि का कहना है कि सड़क पर बजरी फैली होने के कारण पिछले एक सप्ताह में कई अन्य दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इसके बावजूद ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बजरी हटवाने अथवा सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने सड़क पर फैली बजरी तत्काल हटवाने और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कराने की मांग की है।थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *